महेशी हॉल्ट पर इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) का सफल कमीशनिंग
भागलपुर, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा भागलपुर–जमालपुर
रेलखंड के अकबरनगर एवं सुल्तानगंज स्टेशनों के मध्य स्थित महेशी हॉल्ट पर
इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कार्य संपन्न
किया गया। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी।
उन्होंने
बताया कि यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक, मालदा, मनीष कुमार गुप्ता के
मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता, मालदा, राजेंद्र
कुमार की निगरानी में इंजीनियरिंग, विद्युत (टीआरडी), परिचालन तथा सिग्नल
एवं दूरसंचार विभागों के समन्वित प्रयासों से संपन्न हुआ। यह कमीशनिंग
मात्र चार घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के भीतर बिना किसी रेल परिचालन व्यवधान के
सफलतापूर्वक पूर्ण की गई, जो सूक्ष्म योजना, विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट
समन्वय तथा प्रभावी क्रियान्वयन का परिचायक है।
कमीशनिंग के
अंतर्गत अकबरनगर एवं सुल्तानगंज स्टेशनों के पैनल इंटरलॉकिंग (पीआई) सिस्टम
में आवश्यक संशोधन किए गए, जिससे इंटरमीडिएट ब्लॉक (आईबी) कार्यप्रणाली के
साथ डबल डिस्टेंट सिग्नलिंग व्यवस्था लागू की जा सके। कमीशनिंग से पूर्व
सिग्नलिंग उपकरणों, पॉइंट्स तथा अन्य संबंधित सुरक्षा प्रणालियों का व्यापक
परीक्षण किया गया, जिससे नवीन सिग्नलिंग व्यवस्था का सुरक्षित एवं
विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि
इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) के कमीशनिंग के साथ पूर्व का 11
किलोमीटर लंबा ब्लॉक सेक्शन अब लगभग 5–6 किलोमीटर के दो पृथक ब्लॉक
सेक्शनों में विभाजित हो गया है, जिससे लाइन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि
होगी। कम ब्लॉक दूरी के कारण सुरक्षित सिग्नलिंग व्यवस्था के अंतर्गत
ट्रेनों का परिचालन अधिक लचीला एवं सुगम होगा। इससे ट्रेनों की आवाजाही में
सुधार, अनावश्यक विलंब में कमी, समयपालन में वृद्धि तथा यात्री एवं
मालगाड़ियों के अधिक कुशल परिचालन में सहायता मिलेगी।















