लोकसभा अध्यक्ष और गृह मंत्री ने बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
नई
दिल्ली, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय सहकारिता
एवं गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने शनिवार को राष्ट्रवादी विचारक
एवं शिक्षाविद 'लोकमान्य' बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र
श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा अध्यक्ष ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म
एक्स पर कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी नेता, राष्ट्रवादी
विचारक एवं शिक्षाविद 'लोकमान्य' बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन्हें
विनम्र श्रद्धांजलि! 'स्वराज' का अमर उद्घोष करके उन्होंने स्वतंत्रता
संग्राम को एक नई दिशा दी और हर व्यक्ति में नई ऊर्जा का संचार किया।
'केसरी' और 'मराठा' जैसे समाचार पत्रों के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय
चेतना का प्रसार किया; गणेशोत्सव और शिवाजी जयंती जैसे सार्वजनिक आयोजनों
से उन्होंने जन-मानस को जागृत किया; और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान
ने भारतीय समाज को संगठित व आत्मविश्वासी बनाया। लोकमान्य तिलक का संघर्ष,
देशभक्ति और स्वाभिमान से ओत-प्रोत जीवन सदैव हर भारतीय के लिए प्रेरणा का
स्रोत बना रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि बाल गंगाधर तिलक स्वतंत्रता
संग्राम के अग्रणी नायकों में से एक थे, जिन्होंने अपने ओजस्वी विचारों और
अद्वितीय संगठनात्मक कौशल के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई
दिशा दी। एक ओर, उन्होंने युवाओं को 'स्वराज' के संकल्प के साथ स्वतंत्रता
संग्राम से जुड़ने और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया, तो दूसरी ओर,
उनके लेखन ब्रिटिश शासन के विरुद्ध प्रतिरोध की एक सशक्त आवाज बने।
सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से हर दिल में राष्ट्रवाद की लौ जलाने वाले
तिलक का जीवन और व्यक्तित्व सभी को सदैव 'राष्ट्र प्रथम' के पथ पर चलने के
लिए प्रेरित करता रहेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि
लोकमान्य तिलक ने अपनी पत्रिकाओं 'मराठा' और 'केसरी' के माध्यम से
राष्ट्रीय चेतना जगाई और स्वतंत्रता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी
कालजयी रचना 'गीता रहस्य' ने कर्मयोग, कर्तव्य और राष्ट्रीय धर्म का संदेश
दिया। सार्वजनिक गणेश उत्सवों और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती समारोहों के
आयोजन के माध्यम से उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय
गौरव में नई ऊर्जा का संचार किया। उनका अमर उद्घोष, "स्वराज मेरा
जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा," आज भी हर भारतीय के हृदय में
देशभक्ति, आत्म-सम्मान और कर्तव्य-बोध की भावना को जागृत करता है।
संसदीय
कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि स्वराज और
देशभक्ति पर उनके विचार तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनका अद्वितीय योगदान,
आज भी सभी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
केन्द्रीय
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय
स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेता, पूर्ण स्वराज के प्रस्तावक और महान
समाज सुधारक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्य तिथि पर उनको नमन करते हैं।
केन्द्रीय
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि
स्वाधीनता संग्राम में अपना सर्वस्व समर्पित करते हुए आपने गणेशोत्सव और
शिवाजी महोत्सव के माध्यम से जन-जन में राष्ट्रीय चेतना की अलख जगाई। आपका
श्रेष्ठ जीवन-दर्शन, क्रांतिकारी कार्यशैली और आदर्श विचार आज भी प्रत्येक
भारतीय को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।














