मधेपुरा,  जिले में मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित एक आवासीय स्कूल में रविवार सुबह 6 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड-10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम (6) के रूप में हुई है। वह यूकेजी का छात्र था। पिछले करीब छह महीने से खारी स्थित आवासीय जेडी पब्लिक स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या कर शव को स्कूल के शौचालय के पास पाइप से बांध दिया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्कूल संचालक ने शव को घर पहुंचा दिया था। इसके बाद हमलोग शव को लेकर स्कूल पहुंचे।

स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र मनीष कुमार और आकाश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे दो अज्ञात व्यक्ति स्कूल परिसर में आए थे। उन लोगों ने आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांध दी थी। शौचालय के पास छोड़कर स्कूल के पीछे की ओर से भाग गए। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक जेडी पब्लिक स्कूल पिछले लगभग पांच साल से संचालित हो रहा है। घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।