बसंतपुर में पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष, किशोर समेत तीन गंभीर रूप से घायल
सीवान, जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के महमदा गांव के टोला में रविवार की सुबह पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में एक किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान महमदा गांव निवासी स्वर्गीय नागेश्वर सिंह के 47 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह, 45 वर्षीय विजय सिंह तथा विजय सिंह के 15 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है।
घायलों ने आरोप लगाया है कि पूर्व से चले आ रहे आपसी विवाद और रंजिश के कारण उनके पट्टीदारों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी सहित अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले में विजय सिंह के माथे और कान पर गंभीर चोटें आईं, जिससे काफी रक्तस्राव हुआ। वहीं, अनुज कुमार के माथे पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के कारण गंभीर जख्म हो गया और उसे कई टांके लगाने पड़े। अरुण सिंह भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पीड़ित पक्ष ने घटना के लिए अपने पट्टीदारों को जिम्मेदार ठहराया है। आरोपितों में महमदा गांव निवासी स्वर्गीय अनिरुद्ध सिंह के पुत्र रामेश्वर सिंह, उनके पुत्र कुनु सिंह तथा गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के लाखो टोला निवासी स्वर्गीय संतोष सिंह के पुत्र आकाश सिंह और सूरज कुमार के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि आकाश सिंह और सूरज कुमार अपने ममहर महमदा गांव में रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।















