बुलेट शोरूम यशराज मोटर्स में 1.71 लाख की चोरी,पुलिस मामले की जांच में जुटी
अररिया फारबिसगंज कॉलेज चौक के पास एनएच 27 स्थित रॉयल एनफील्ड बुलेट के शोरूम यशराज मोटर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान में खिड़की माध्यम से अंदर प्रवेश करते हुए कैश काउंटर से एक लाख 71 हजार रूपये चुरा लिए।
मामले की जानकारी मंगलवार को तब हुई जब सुबह में शोरूम खोला गया,तो स्टॉफ लोगों ने देखा कि पूरा समान बिखरा पड़ा है और कैश काउंटर से 1 लाख 71 हजार 400 रूपये चुरा लिए,जिसे बीते कल काउंटर पर ही छोड़ दिया गया था।सूचना के बाद मौके पर यशराज मोटर्स शोरूम के मालिक यशराज शर्मा सहित फारबिसगंज एसडीपीओ पंकज कुमार,थानाध्यक्ष मनोज कुमार,एसआई अवधेश सिंह,डायल 112 के उपेंद्र कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।पुलिस दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
मामले को लेकर प्रतिष्ठान के मालिक यशराज शर्मा ने बताया कि सोमवार को हुई बिक्री की राशि बीती रात कैश काउंटर में ही छोड़ कर उसे लॉक कर दिया था।सुबह में शोरूम के खुलने के बाद कैश काउंटर का लॉक तोड़कर उसमें रखे एक लाख 71 हजार 400 रूपये गायब मिले।अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दी।चोर शोरूम के पीछे की खिड़की से छड़ को अलगाकर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मौके पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार ने मामले की जांच करने की बात कही और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच किए जाने की बात करते हुए चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेने की भी बात कही।














