विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत से आवागमन बाधित, राहत के लिए गंगा में एमवी गोपीनाथ जहाज सेवा दोबारा बहाल
भागलपुर, भागलपुर को नवगछिया और उत्तर बिहार से जोड़ने वाले एकमात्र लाइफलाइन विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के चलते सड़क यातायात गंभीर रूप से बाधित हो गया है।
पुल पर वाहनों की थमी रफ्तार के बीच जिला प्रशासन और अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। भागलपुर-नवगछिया गंगा मार्ग पर एमवी गोपीनाथ जहाज (स्टीमर) का परिचालन दोबारा सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है। विक्रमशिला सेतु पर लंबे समय से लंबित मरम्मत और बियरिंग बदलने का कार्य शुरू होने के कारण बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बरती जा रही है।
इसके चलते पुल के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। इस संकट को देखते हुए जलमार्ग को एक मजबूत विकल्प के रूप में सक्रिय किया गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को नदी पार करने में आसानी हो रही है।
जहाज सेवा बहाल होने से जहां एक तरफ यात्रियों ने राहत की सांस ली है, वहीं दूसरी तरफ जलमार्ग में गाद (सिल्ट) जमा होने के कारण फंसे एमवी राजेंद्र प्रसाद जहाज को सुरक्षित निकालने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गंगा की मुख्य धारा में पानी कम होने और गाद की वजह से यह जहाज रुका हुआ है, जिसे सुचारू करने के लिए ड्रेजिंग (नदी से मिट्टी निकालने का कार्य) युद्धस्तर पर चलाई जा रही है। प्रशासन का दावा है कि ड्रेजिंग पूरी होते ही इस बड़े जहाज को भी सेवा में वापस ले लिया जाएगा।















