सीवान,  सीवान नगर परिषद की कार्यशैली पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब भाजपा के नगर अध्यक्ष अमित कुमार सिंह 'सोनू' की मां एवं वार्ड संख्या-37 की वार्ड पार्षद प्रेमलता देवी को अपने ही वार्ड की समस्याओं को लेकर बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल का सहारा लेना पड़ा। वार्ड

पार्षद ने सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत में कहा कि वार्ड संख्या-37 में कई स्थानों पर नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं और कई सड़कों की लंबे समय से मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुले नालों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

शिकायत दर्ज होने के बाद बुधवार को नगर परिषद के अभियंताओं की टीम ने वार्ड संख्या-37 पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। टीम ने शिकायत में बताए गए बिंदुओं की जांच की और आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि द्वारा सरकारी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराना इस बात का संकेत है कि नगर परिषद की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी होता है।

बताया जाता है कि शिकायत को संबंधित विभाग के माध्यम से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने की उम्मीद है।

बड़ी खबर