अश्लील वीडियो बनाकर युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग का आरोप
किशनगंज, जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र की एक 21 वर्षीय युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व आरोपी मिस्टर रेजा, निवासी हल्दीखोड़ा थाना क्षेत्र कोचाधामन,
अपने भाई के ससुराल रहमानगंज आया-जाया करता था। इसी दौरान आरोपी उस पर बुरी नजर रखता था और मौका मिलने पर अश्लील बातें करता था। आरोप है कि 11 मई 2024 को युवती घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान आरोपी उसके घर में घुस आया और जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और किसी को बताने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। युवती ने बताया कि आरोपी लंबे समय तक वीडियो वायरल करने का भय दिखाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया।
बाद में आरोपी विदेश चला गया और वहां से कथित तौर पर युवती के अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने लगा। आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी अब उस पर पांच लाख रुपये देने, साथ रहने और बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है।
ऐसा नहीं करने पर लगातार फोटो-वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने कहा कि इस घटना से उसका जीवन प्रभावित हो गया है और समाज में जीना मुश्किल हो गया है। इधर, महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।