बुलंदशहर: संपत्ति विवाद में दरोगा ने अपने भाई को फंसाने की रची साजिश, मुकदमा दर्ज
बुलंदशहर, दारोगा ने जमीन हड़पने के लिए शिक्षक भाई को रामपुर के हनीट्रैप गिरोह से फंसवा दिया। पुलिस ने मामले में दारोगा समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव उलेड़ा निवासी राकेश कुमार प्राथमिक विद्यालय लोहगरा में अध्यापक है। राकेश के पास एक माह पहले मोबाइल पर एक युवती की काल आई।
एसपी सिटी ने बताया कि राकेश कुमार और उसके दारोगा भाई नीरज कुमार का जमीन को लेकर विवाद चल रहा हैं। नीरज कुमार यूपी पुलिस में दारोगा है और रामपुर जनपद के मिल्क खानमपुर में तैनात है। नीरज कुमार ने भाई की जमीन हड़पने के लिए हनी ट्रैप चलाने वाले ओमकार सिंह के साथ मिलकर राकेश को फंसाने की योजना बनाई। ओमकार सिंह ने गिरोह के अन्य सदस्य के साथ मिलकर आरोपित रानी से राकेश को फोन कराया।
रानी ने राकेश से बात कर उसे मिलने के लिए बुलाया और अपने फोन में उसके फोटो ले लिए। पुलिस ने आरोपित दारोगा भाई नीरज कुमार समेत छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।















