मुजफ्फरपुर में देर रात जुआ के अड्डे पर पुलिस का बड़ा छापा, 13 गिरफ्तार, ₹1.72 लाख कैश बरामद
पटना (PATNA): पुलिस ने रविवार की देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर जुए के बड़े अड्डे पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह पूरी कार्रवाई मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा को मिली सटीक इनपुट के आधार पर की गई। एसएसपी के निर्देश पर तुरंत हरकत में आई पुलिस टीम ने मौके से 13 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर मचा भगदड़
यह कार्रवाई जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित चकवासु मोहल्ले में अंजाम दी गई। पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से जुआ संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान मौके पर भगदड़ मच गई और जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सभी 13 आरोपियों को धर दबोचा।
1,72,000 नगद (कैश) और 12 महंगे स्मार्टफोन बरामद
मौके से पुलिस ने जुए के फड़ से ₹1,72,000 नगद (कैश) और 12 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही ताश के पत्ते और ताश के खेल में इस्तेमाल होने वाली अन्य कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी जब्त की गई हैं।
पकड़े गए सभी जुआरियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है: पुलिस
मिठनपुरा थाना पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए सभी जुआरियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार शहर के किन अन्य इलाकों या सफेदपोशों से जुड़े हैं। एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से सट्टेबाजों और जुआ माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पकड़े गए सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















