झारखंड में छह से नौ अक्टूबर तक आंधी-बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी
रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में सोमवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। कई इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि रांची के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बाद में मौसम साफ हो गया और धूप खिल गई।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, छह से आठ अक्टूबर तक राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। नौ अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान लातेहार में 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज
सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।














