विदिशाः सर्राफा कारोबारी को गोली मारकर 30 किलो चांदी व 25 ग्राम सोने गहने लूट ले गए नकाबपोश
30 किलो चांदी, 25 ग्राम सोना लेकर भागे 3 नकाबपोश
विदिशा, मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बुधवार देर शाम बाइक
सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी को गोली मार दी। बदमाश
कारोबारी और उनके बेटे से करीब 30 किलो चांदी, करीब 30 ग्राम सोना, 25 हजार
रुपये नकद और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
शमशाबाद पुलिस
के मुताबिक, घायल व्यापारी संजय सोनी रायसेन गेट विदिशा के रहने वाले हैं।
वारदात के समय उनके साथ बेटा यश सोनी भी था। गोली कारोबारी के बाएं हाथ में
लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल सर्राफा
व्यापारी संजय सोनी ने बताया कि बुधवार को पीपलधार के साप्ताहिक हाट बाजार
में आभूषणों का व्यापार करने के बाद वे बाइक से विदिशा लौट रहे थे। शाम
करीब 6:30 बजे पीपलधार और पट्टन गांव के बीच विदिशा रोड पर तीन बाइक सवार
बदमाश उनका पीछा करने लगे।
संजय सोनी और उनके बेटे के मुताबिक,
बदमाशों ने पहले बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित
होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश लौटे और बैग छीनने लगे। विरोध करने पर एक
बदमाश ने संजय सोनी पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो
गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने संजय
सोनी और यश सोनी को शमशाबाद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
संजय
सोनी के अनुसार, बैग में 10 से 15 किलो चांदी के आभूषण, करीब 20 ग्राम
सोना, 25 हजार रुपए नकद और व्यापार से जुड़े जरूरी दस्तावेज थे। वहीं, यश
सोनी का दावा है कि बैग में 25 से 30 किलो चांदी, 25 से 30 ग्राम सोना और
अन्य सामान था। करीब 70 लाख रुपये की लूट है।
यश सोनी ने बताया कि
तीनों बदमाश योजना बनाकर आए थे। एक ने मास्क पहना था, दूसरे ने सफेद तौलिये
से चेहरा ढका था, जबकि लाल शर्ट पहने बदमाश ने गोली चलाई। बाइक चला रहे
युवक ने काली शर्ट पहन रखी थी। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।
अतिरिक्त
पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद
थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ
मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें
गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल
रही है। साथ ही संभावित भागने के रास्तों पर नाकेबंदी कर जांच की जा रही
है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर
जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


-1785928421004.webp)












