बांदा : पुलिस चौकी के सामने शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम
केन नदी स्थित पानी में मिला था शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि
बांदा, उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में दो दिनों से लापता किशोर का शव केन नदी में उतराता पाया गया था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि की गई। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग को लेकर बलखंडी नाका पुलिस चौकी के सामने गुरुवार को शव रखकर जाम लगा दिया और जम कर हंगामा किया। जाम करीब एक घंटा तक लगा रहा। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवा दिया।
शहर के नोनिया मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय अनुज पुत्र स्वर्गीय राकेश चौहान लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। बुधवार को उसका शव केन नदी पुल के नीचे उतरता हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
मृतक के चाचा प्रदीप चौहान ने बताया कि अनुज को दो हमउम्र के लड़के उसे घर लिवाने आए थे। वह परेशान हालत में था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। चाचा प्रदीप ने आरोप लगाया कि लड़के उसे घर से लिवा ले गए उसकी मारपीट का हत्या कर दी, इसके बाद शव को पानी में फेंक दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर आ गए। रात भर शव प्रिजर में रखा रहा। गुरूवार की सुबह परिजन प्रिजर में शव लेकर बलखंडी नाका पुलिस चौकी के सामने पहुंच गए और शव रख कर जाम लगा दिया साथ ही जमकर हंगामा मचाया। परिजनों का कहना था कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। सूचना पाकर पूरा फोर्स मौके पर पहुंच गया।
चौकी प्रभारी बलखंडी नाका यज्ञनारायण भार्गव ने लिखित दिया कि वह सीसीटीवी कैमरा चेक करेंगे। अगर सीसीटीवी कैमरा में अनुज की मौत में जो अपराधी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।















