मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में जनपद फिरोजाबाद के थाना टूण्डला पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात एक शातिर अभियुक्त जाहिद उर्फ डीपर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि 11 मार्च को थाना टूण्डला क्षेत्रान्तर्गत एनएच-19 स्थित पारस कोल्ड स्टोर के पास ग्रे कलर की अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया। युवक के पिता ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया।
उन्होंने बताया कि थाना टूंडला प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त बन्ना रोड, एफएच मेडिकल कॉलेज के पास किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में करीब 17 मुकदमे दर्ज है।















