खूंटी, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के पावन मौके पर पूरा खूंटी जिला शुक्रवार को उल्लास में डूबा रहा। क्या शहर, क्या गांव या कस्बा, पूरा क्षेत्र बजरंगबली और श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर प्रातः काल से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

श्री रामनवमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण केंद्रीय रामनवमी महासमिति के तत्वावधान में आयोजित नवमी की विराट शोभायात्रा रही, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों अखाड़ों के खिलाड़ियों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।

शोभायात्रा अपराह्न नेताजी चौक से निकला और अपने परंपरागत मार्गो का परिभ्रमण करते हुए देर रात अपने गंतव्य आश्रम टांड़ मैदान में पहुंचकर समाप्त हुई। जुलूस समापन के बाद जुलूस में शामिल महावीरी पताकाओं को आश्रम टांड़ मैदान में वृत्ताकार परिधि में गाड़ दिया गया। 


शोभायात्रा में 93 लाइसेंसी महावीरी झंडों के साथ विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ी और विशाल जनसमूह राम भक्त हनुमान की जय जयकार करते अस्त्र शस्त्र का प्रदर्शन करते और ताशे एवं भजनों की धुन पर नाचते थिरकते चल रहे थे। विभिन्न मंडलियों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, नगर पंचायत की अध्यक्ष रानी टूटी और पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी शामिल हुए। उन्होंने रामनवमी की बधाई देते हुए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। जुलूस में रामायण, महाभारत से संबंधित अनेक आकर्षक झांकियां भी शामिल थी।

साथ ही बड़ी संख्या में अस्त्र जुलूस के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों के लिए शरबत, ठंडा पेय, फल, चना, गुड़ आदि की व्यवस्था की थी। वीकेएस इन्फ्राट्रक्चर, श्री श्याम मंडल खूंटी, भाजयुमो जिला समिति, 

अखिल भारतीय सरना समाज, अंजुमन इस्लामिया, मारवाड़ी युवा मंच, आरएसएस, कुम्हार समाज सहित अन्य संगठनों ने मुख्य पथ, कर्रा रोड, शिवाजी चौक पर स्टाल लगाए गए थे। इसके अतिरिक्त अन्य समाजसेवी लोगों ने भी अपने अपने घरों के सामने जुलूस में शामिल लोगों के लिए ठंडा पेयजल, चना फल और गुड़ की व्यवस्था की थी।

जुलूस का नेतृत्व केंद्रीय रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू और महामंत्री जितेंद्र कश्यप कर रहे थे। वहीं महासमिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और और विभिन्न अखाड़ों के पदधारी जुलूस संचालन में अपना योगदान दे रहे थे।

इधर, विधि व्यवस्था की कमान अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी और एसडीपीओ वरुण रजक के हाथों में था । वहीं प्रशासन द्वारा नेताजी चौक और कर्रा रोड स्थित चौधरी मुहल्ला में बनाए गए मंच से उपायुक्त आर राॅनिटा, एसपी मनीष टोप्पो सहित अन्य वरीय पदाधिकारी शोभायात्रा की निगरानी कर रहे थे।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बीडीओ ज्योति कुमारी, सीओ प्रदीप कुमार, मुख्यालय डीएसपी अखिल नीतीश कुजूर, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ शोभायात्रा के आगे पीछे चल रहे थे।