मीरजापुर,   उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत कुँवा खुर्द स्थित तरंगा पानी टंकी मोड़ के पास हनुमान मंदिर में शनिवार सुबह नवजात बच्ची का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तो वहां एक नवजात बच्ची मृत अवस्था में मिली। बच्ची को हल्के पीले रंग के कपड़े पर लिटाया गया था। उसके पास अगरबत्ती, चुनरी रखी थी और दीया भी जल रहा था। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

लोगों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं कि आखिर नवजात बच्ची को इस तरह मंदिर में कौन और क्यों छोड़ गया। घटना के समय मंदिर के पुजारी भी वहां मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर पुलिस फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसआई प्रवीण कुमार राय ने बताया कि मंदिर के अंदर मृत नवजात बच्ची मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।