पाकुड़ में सियारों ने ढाई माह की बच्ची को नोचकर खाया, दूसरी बच्ची गंभीर घायल
पाकुड़, झारखंड के पाकुड़ जिले में एक बेहद दर्दनाक और भयावह घटना सामने आई है। सदर प्रखंड के लखीनारायणपुर गांव में शुक्रवार रात सियारों के झुंड ने एक घर में घुसकर ढाई माह की मासूम बच्ची को उठा लिया और उसे नोचकर खा गया। वहीं दूसरी चार वर्षीय बच्ची पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने शनिवार को बताया कि लखीनारायणपुर गांव निवासी समीरुल शेख के घर में शुक्रवार देर रात अचानक सियारों का झुंड घुस आया। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान सियार ढाई माह की मासूम आफीफा खातून को उठाकर ले गए। बाद में बच्ची के शरीर के केवल कुछ अवशेष ही बरामद हो सके।
पुलिस के अनुसार, सियारों ने घर में मौजूद चार वर्षीय जासमीन खातून पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि जासमीन के रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख सियारों का झुंड वहां से भाग निकला।
घटना के बाद घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मासूम आफीफा खातून के शव के जो अवशेष मिले, उन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि इस घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों के साथ-साथ वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम इलाके में सक्रिय होकर सियारों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
इस घटना के बाद लखीनारायणपुर गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में गांव के आसपास सियारों की संख्या बढ़ी है, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।














