वाराणसी में रिंगरोड पर बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़,घायल समेत दो को दबोचा
वाराणसी, उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लालपुर पांडेयपुर
थाना क्षेत्र में रविवार देर रात रिंग रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस की
बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर
में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने उसके साथी को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर
लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, कारतूस, 75 हजार
रुपये नकद, पीली धातु के गले हुए आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार
आरोपियों की पहचान गोरखपुर के चिउटहा (चिउराताल) निवासी प्रद्युम्न मल
उर्फ प्रतीक और बुद्ध विहार, तारामंडल रामपुर निवासी वेद प्रकाश दुबे उर्फ
मोंटी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में प्रद्युम्न के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एडीसीपी
लिपि नागायच के अनुसार, रविवार देर रात लालपुर पांडेयपुर पुलिस की टीम रिंग
रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक से दो
संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन
दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो एक
बदमाश बाइक से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में
जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे बदमाश को
पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलते ही एडीसीपी
लिपि नागायच और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने
घटनास्थल की जांच के साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस
के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने रमरेपुर क्षेत्र में एक वृद्ध महिला
से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों पर
वाराणसी में कई अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने का भी संदेह है। पुलिस
का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी गोरखपुर और बिहार भाग जाते थे।
अधिकारियों
के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ कर वाराणसी समेत अन्य जिलों में की गई लूट
की घटनाओं, गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और लूटे गए जेवरात व कीमती सामान
को खपाने के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।












