(अपडेट)छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में राष्ट्रपति मुर्मु ने किया जनजातीय गौरव दिवस समारोह का शुभारंभ
अंबिकापुर ;छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में गुरुवार को
जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य समारोह का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीप
प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस समारोह में लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ है
और समारोह को लेकर जनजातियों में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
राष्ट्रपति
मुर्मु ने कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय समाज के लोगों से आत्मीय मुलाकात की
और छत्तीसगढ़ी एवं आदिवासी संस्कृति से जुड़े पारंपरिक व्यंजनों के वहां पर
लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय संस्कृति और
परंपराओं को करीब से देखा और सराहा। इससे पूर्व उनका हेलीकॉप्टर कड़ी
सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांधी स्टेडियम में उतरा, जिसके बाद वे सीधे पीजी
कॉलेज ग्राउंड पहुँचीं, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित है।
कार्यक्रम
की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर जनजातीय गौरव
दिवस के मुख्य समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक नृत्य,
सांस्कृतिक झांकियों और आदिवासी कला का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र
बना।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री
विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेमाम सहित
राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री उपस्थित रहे। हजारों की संख्या में
आदिवासी समाज के लोग उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में शामिल हुए।