कोडरमा, जिला अंतर्गत चंदवारा थाना क्षेत्र के ढाब थाम स्थित महूडरा सालोनिया क्रेशर में हुई चोरी के मामले में जांच करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पथराव और झड़प में चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार सहित लगभग 12 पुलिस जवान मामूली रूप से घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।

हांलाकि सभी जवानों को हल्की-फुल्की चोटें ही आई हैं और उनकी स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से स्थिति को संभाला और इस हमले व चोरी के मामले में संलिप्त करीब 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, महूडरा सालोनिया क्रेशर के संचालक ने इनवर्टर, बैटरी और क्रेशर के कीमती लोहे के सामानों की चोरी को लेकर चंदवारा थाने में लिखित आवेदन दिया था। इस शिकायत के आधार पर सोमवार की देर शाम थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम चोरी गए सामान की बरामदगी और चोरों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र की विभिन्न कबाड़ी दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चला रही थी।

इसी दौरान जब पुलिस टीम ढाब थाम रोड पर स्थित एक कबाड़ी दुकान में जांच करने पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसिया कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और वहां मौजूद भीड़ ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें 04 लोग क्रेशर में हुई चोरी के मामले के मुख्य आरोपित बताए जा रहे हैं। इस छापेमारी के दौरान पुलिस को सफलता भी मिली है और क्रेशर से चुराया गया सामान बरामद कर लिया गया है। थाना प्रभारी शशिभूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान कबाड़ी दुकान के पास झड़प हुई थी, जिसमें कुछ जवानों को मामूली चोटें आई हैं।