देवघर के 48वें उपायुक्त बने सौरभ कुमार भुवानिया, संभाला पदभार
रांची (RANCHI): सौरभ कुमार भुवानिया ने सोमवार को देवघर जिले के 48वें उपायुक्त के रूप में निवर्तमान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से पदभार ग्रहण किया.
श्रावणी मेला-2026 का भव्य एवं बेहतर आयोजन उनकी पहली प्राथमिकता होगी:उपायुक्त
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने कार्यालय कक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला-2026 का भव्य एवं बेहतर आयोजन उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि देवतुल्य श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा के बाद श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम से सुखद अनुभव लेकर अपने घर लौटें, जिससे राज्य सरकार की छवि और गरिमा को नई ऊंचाई मिले. उपायुक्त ने आगे कहा कि आमजनों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया बंधुओं, अधिकारियों एवं अन्य सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सकारात्मक प्रशासनिक माहौल में कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी.
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा,ताकि योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित किया जा सके.














