रांची (RANCHI): राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में बारिश थमने के बाद मौसम साफ हो गया है। दिन में धूप निकलने से गर्मी और उमस महसूस हो रही है, जबकि शाम होते ही हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई है, हालांकि फिलहाल किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।


राज्य के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम सामान्य रहने के बीच कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा जिले के बानो में 10 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस दौरान सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। दिनभर धूप के कारण गर्मी और उमस का असर बना रहा। शाम के समय तापमान में गिरावट से मौसम में हल्की ठंडक महसूस हुई।

बदलते मौसम के बीच सामान्य सावधानी बरतने की सलाह

रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 24.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.6 और 23.8 डिग्री, बोकारो में 33.2 और 22.1 डिग्री और चाईबासा में 34.4 और 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सामान्य सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल राज्य में किसी विशेष मौसम संबंधी चेतावनी या अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।