स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों-जवानों को पदक देकर किया सम्मानित
रांची, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मोरहाबादी मैदान
में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस अधिकारियों
और जवानों को उनकी वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय कार्य के लिए पदक
प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में पुलिस बल की भव्य परेड भी आयोजित की
गई।
उत्कृष्ट सेवा के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ
अधिकारियों को पदक प्रदान किए गए। इनमें पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकल राज
एस और पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल रहे। इनके अलावा पुलिस
उपाधीक्षक (डीएसपी) मनोज कुमार राय, डीएसपी (विशेष शाखा) नीरज कुमार,
पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार और पुलिस निरीक्षक अस कुमार मोदी को भी पदक से
सम्मानित किया गया।
अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को भी उनके
उल्लेखनीय कार्य के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। एसटीएफ
रांची के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अरविंद कुमार पाले और संजीव कुमार झा,
रांची जिले के दीपक तथा अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के महेंद्र महतो को पदक
प्रदान किए गए।
इसके अलावा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के चालक हवलदार
मोहम्मद इकबाल, विराय मुंड्री और हवलदार विजय थापा को भी सम्मानित किया
गया। महिला आरक्षी प्रभा देवी, महिला हवलदार रंजीता पुजू तथा गढ़वा जिले के
आरक्षी विदेशी माजी को भी सेवा पदक प्रदान किए गए।
ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने लिया हिस्सा
राजकीय
समारोह के दौरान पुलिस बल की भव्य परेड आयोजित की गई। परेड का नेतृत्व
2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने फर्स्ट कमांड के रूप में
किया। सेकंड इन कमांड दानिशूल और परिचारी अनीश मोहित रहे। परेड में ओडिशा
पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी हिस्सा लिया। इसका नेतृत्व निरीक्षक दीपक
बाबरी ने किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन और सहभागिता
के लिए निरीक्षक दीपक बाबरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता
दिवस समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र से
सम्मानित किया जाना उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट सेवाओं के प्रति
राज्य सरकार के सम्मान का प्रतीक रहा।














