झारखंड के 20 जिलों में छह अक्टूबर को बारिश के आसार
रांची (RANCHI): झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राजधानी रांची सहित राज्य के 20 जिलों में छह अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पांच से आठ अक्टूबर के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, फिलहाल बारिश को लेकर किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक तापमान दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, छह अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में बारिश हो सकती है। उत्तर-पूर्वी हिस्से में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। मध्यवर्ती क्षेत्र के रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा दक्षिणी हिस्से के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दिनभर धूप खिली रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 23.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.4 और न्यूनतम 23.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 और न्यूनतम 23.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-














