डीपीएस स्कूल बोकारो के कैंटीन में छापेमारी
बाेकाराे, बोकारो के सेक्टर-04 स्थित डीपीएस स्कूल बोकारो के
कैंटीन में गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर कैंटीन को अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
यह
कार्रवाई सिविल सर्जन सह अभिहित पदाधिकारी डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश
पर की गई। निरीक्षण टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी चास जया कुमारी, खाद्य
सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पुलिस पदाधिकारी एवं बल शामिल थे।
प्रशासन
के अनुसार, खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम से प्राप्त शिकायत के
आधार पर यह छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर,
वनस्पति तेल और दही के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच
में कई गंभीर कमियां सामने आईं। कैंटीन के पास एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण
नहीं पाया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई अधिकृत पत्र भी उपलब्ध नहीं
कराया गया। खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र
एवं पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं थी। कैंटीन परिसर में गंदगी पाई गई और
कर्मचारियों द्वारा हेड कैप, ग्लव्स जैसे आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन
नहीं किया जा रहा था।
इसके अलावा निलोन का क्लासिक मिक्स्ड अचार और
स्वादिष्ट पिक्सेल (शाकाहारी मेयोनेज़)) जैसे एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ भी
मिले, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है।
निरीक्षण टीम
के अनुसार, कार्रवाई के दौरान स्कूल के कुछ शिक्षक एवं प्रबंधन सदस्यों
द्वारा बाधा उत्पन्न की गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद ली गई। इसके
बाद नियमानुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी कर गवाहों की उपस्थिति में कैंटीन को
सील कर दिया गया।
वहीं, डीपीएस बोकारो प्रबंधन ने इस कार्रवाई पर
आपत्ति जताई है। प्रबंधन का कहना है कि कैंटीन का संचालन आउटसोर्सिंग के
तहत होता है और स्कूल की इसमें प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है। यदि किसी प्रकार
की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंधन
ने यह भी आरोप लगाया कि बिना आधिकारिक आदेश की प्रति दिखाए कैंटीन को सील
किया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को
पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














