रांची (RANCHI): झारखंड के हजारीबाग में गुरुवार देर रात हाथियों के झुंड ने छह लोगों को रौंद कर मार डाला. मृतकों में एक साल बच्चे से लेकर 50 साल के ऊपर तक के लोग शामिल है. घटना अंगो थाना एवं चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव की है. मृतकों में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25) एवं दो छोटे बच्चे अनुराग राम (1) और संजना कुमारी (3) शामिल है. घटना के वक्त सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे.


डीएफओ ने की घटना की पुष्टि 

घटना गुरुवार रात एक से 1:30 के बीच की है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पांच हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया. एक घर के गेट को भी उखाड़ दिया और अंदर घुसकर लोगों को कुचला. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड एक माह पहले से विचरण कर रहा था. इसे लेकर वन विभाग लोगों को समय-समय पर अलर्ट भी कर रहा था. घटना की पुष्टि करते हुए डीएफओ पूर्वी वन प्रमंडल विकास कुमार उज्ज्वल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा वन विभाग मृतक के परिवार के साथ खड़ा है.

हजारीबाग के गोमिया प्रखंड में बढ़ रहा हाथियों का कहर

बता दें कि रामगढ़ और हजारीबाग के गोमिया प्रखंड में हाथियों के झुंड अक्सर उत्पात मचा रहे हैं और कई लोगों की जान ले चुके हैं. कुछ दिन पहले ही गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले में पांच लोगों की मौत हुई थी.