राहुल गांधी ने पचमढ़ी में पार्टी नेताओं को दी संगठन को मजबूत करने की नसीहत
पचमढ़ी/भोपाल,। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत
प्रदेश कांग्रेस के जिला एवं शहर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित
किया और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन
के नीचे लेवल तक मजबूत करने की नसीहत दी। उन्होंने किसानों और आम जनता से
समस्याएं उठाने और पार्टी संगठन के साथ मिलकर काम करने की बात भी वरिष्ठ
नेताओं से कही।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता
प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री
कमलेश्वर पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ
गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और अशोक सिंह मौजूद
रहे।
राहुल गांधी शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे पचमढ़ी पहुंचे और यहां
सबसे पहले उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान प्रदेश में कांग्रेस में समन्वय की कमी का मुद्दा छाया रहा।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को तीन साल की
कार्ययोजना की जानकारी दी, जिसमें उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में चुनाव
में जीत और संगठन की मजबूती के लिए क्या-क्या किया जाना चाहिए। इसके बाद
राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में करीब 4 घंटे तक जिला
अध्यक्षों से संवाद किया। साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने और मिशन 2028
के तहत सरकार बनाने का लक्ष्य देकर जुट जाने को कहा है।
हिम्मत से लड़ना है, सरकार कांग्रेस की बनेगी
बैठक
में राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस मामूली अंतर से हार
रही है। अब सबको हिम्मत और एकजुटता से लड़ना होगा, सरकार कांग्रेस की
बनेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि “जिला अध्यक्षों का साथ दो, समन्वय
से काम करो। उन्होंने जिला अध्यक्षों को नसीहत दी कि वे जमीन पर सक्रिय
रहकर जनता से सीधा जुड़ाव बनाए रखें। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा लोकतंत्र
को कमजोर कर रही है और जनता का विश्वास संगठन की मजबूती से ही दोबारा जीता
जा सकता है। राहुल गांधी ने पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ को मिशन 2028 की
रीढ़ बताते हुए कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना आवश्यक है।
इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के परिजन के साथ डिनर भी
किया। इस दौरान उनके बात भी की। राहुल गांधी रात्रि विश्राम पचमढ़ी में
पहाड़ी पर बने रविशंकर भवन (मुख्यमंत्री आवास) में करेंगे और रविवार सुबह
10.20 बजे हेलिकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दिल्ली रवाना
होंगे।















