गाजियाबाद,  उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में रहने वाली एक 16 वर्षीय किशोरी ने बीती रात को 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया। वह दसवीं की छात्रा थी। घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को अस्पताल मैं भर्ती करवाया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से आधे पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मंगलवार रात को डायल-112 के जरिये विजयनगर पुलिस को गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में एक छात्रा के 15वीं मंजिल से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की पहचान 16 वर्षीय शनाया बिष्ट पुत्री देवेंद्र सिंह के रूप में हुई। 

वह इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में दसवीं की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या करने की आशंका है। मौके से मिले आधे पेज के सुसाइड नोट में छात्रा ने एकेडमिक प्रेशर यानी पढ़ाई के दबाव से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। इसके साथ ही छात्रा के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी मिल सके। 

एसीपी ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में 15वीं मंजिल से गिरी। सोसाइटी में भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रा के परिजनों से पूछताछ और मौके से मिले सुसाइड नोट की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।