राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि
रांची (RANCHI): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित राजघाट और विजयघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने दोनों महापुरुषों के समाधि स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान और आदर्शों को स्मरण किया।
राष्ट्रपति ने महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह राष्ट्रपिता की 157वीं जयंती के अवसर पर सभी देशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि सत्य और अहिंसा में महात्मा गांधी की अटूट आस्था, न्याय के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा में उनका विश्वास आज भी मानवता को प्रेरित करता है। उनका जीवन और संदेश शांति, करुणा, निस्वार्थ भाव और सेवा की स्थायी प्रेरणा है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री शांत शक्ति और असाधारण संकल्प के धनी नेता थे। विनम्रता, ईमानदारी और देश के प्रति उनका अटूट समर्पण अनुकरणीय है। उनका जीवन सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व सादगी, साहस और राष्ट्र सेवा में निहित होता है।
महात्मा गांधी के विचारों ने पूरे विश्व को प्रेरित किया है : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों ने पूरे विश्व को प्रेरित किया है और जब तक उनका प्रवाह मानवता से जुड़ा रहेगा, वे प्रासंगिक बने रहेंगे। प्रधानमंत्री ने स्वदेशी को अपनाने पर गांधीजी के जोर का उल्लेख करते हुए खादी को इसका प्रमुख उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि बापू का शाश्वत संदेश सभी को बेहतर समाज और विकसित भारत की दिशा में मार्गदर्शन करता रहे।
प्रधानमंत्री ने लाल बहादुर शास्त्री को किया याद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण अत्यंत प्रेरणादायक है। उनका सौम्य व्यक्तित्व प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित करता है, जबकि उनका संकल्प चट्टान की तरह दृढ़ था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सत्य, अहिंसा और मानवता का गांधीजी का जीवन-संदेश कालातीत है और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और जनसेवा पर महात्मा गांधी का जोर आज भी प्रासंगिक है:रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और जनसेवा पर महात्मा गांधी का जोर आज भी प्रासंगिक है। उनका जीवन और आदर्श समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को ईमानदारी, कर्तव्य-बोध और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों की प्रेरणा देते रहेंगे।
आदर्श देशवासियों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे:अमित शाह
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी को परंपरा, कर्तव्य को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का मूल मंत्र बनाया। उनके आदर्श देशवासियों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि कार्यों में निष्ठा और विचारों में पवित्रता हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।















