किराए पर घर देगा म्हाडा, हर महीने 1.17 करोड़ मिलेगा किराया
मुंबई, म्हाडा के कोंकण मंडल ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को किराए पर घर देने का फैसला किया है। ठाणे जिले के शिरढोण स्थित घरों को किराए पर देकर म्हाडा राजस्व जुटाएगा। यहां के लगभग 1,150 घर सीआईएसएफ को किराए पर दिए जाएंगे। इसके जरिए म्हाडा को हर महीने करीब 1.17 करोड़ रुपए किराया मिलेगा। साथ ही डिपॉजिट के रूप में म्हाडा को 2.34 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे।
इस संबंध में म्हाडा और सीआईएसएफ के बीच एक समझौता किया जाएगा। ठाणे जिले की कल्याण तहसील के शिरढोण में म्हाडा की 18,000 से अधिक घरों की एक बड़ी आवासीय परियोजना चल रही है। इनमें से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1,905 घरों को 2018 में, जबकि 2025 में लगभग 5,000 घर लॉटरी के जरिए उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, जो घर बिक नहीं सके, ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लगभग 300-400 वर्ग फुट के 1,150 घर एकमुश्त सीआईएसएफ के जवानों को दिए जाएंगे। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बने 300 वर्ग फुट के घर के लिए 8,000 रुपए प्रति माह, जबकि निम्न आय वर्ग के 400 वर्ग फुट के घर के लिए 13,000 रुपए प्रति महीने किराया मिलेगा। इसके अलावा हर घर के लिए दो महीने का डिपॉजिट लिया जाएगा। म्हाडा इन घरों के रखरखाव के साथ-साथ अन्य मेंटेनेंस खर्च भी उठाएगा। अतिरिक्त पानी का बिल और प्रॉपर्टी टैक्स भी म्हाडा को ही भरना पड़ेगा।
कोंकण मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इससे म्हाडा को बड़ा आर्थिक लाभ होगा। इन घरों के करार का मसौदा म्हाडा ने सीआईएसएफ को सौंप दिया है और केंद्र से मंजूरी मिलते ही इसे लागू किया जाएगा। सीआईएसएफ ने म्हाडा के इन घरों को लेने की तैयारी दिखा दी है। इसके अनुसार म्हाडा द्वारा दिए गए करार के मसौदे को सीआईएसएफ ने मंजूरी के लिए अपने मुख्यालय भेज दिया है। सीआईएसएफ का म्हाडा के घरों को किराए पर लेना तय हो चुका है। फिर भी पहले डिपॉजिट और किराए की राशि म्हाडा को हस्तांतरित होने के बाद ही औपचारिक करार किया जाएगा। म्हाडा ने पहले पैसे, फिर करार का रुख अपनाया है।















