ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक में आज घोषणा पत्र के मसौदे पर होगा मंथन
भोपाल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय संस्कृति
मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह
की बैठक में आज दूसरे दिन अधिकारी स्तर पर नीतिगत प्रारूपों और विभिन्न
विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे
अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित इस बैठक में ब्रिक्स
सदस्य और भागीदार 10 देशों के वरिष्ठ अधिकारी और 100 से अधिक विदेशी
प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। बैठक में आज ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के
घोषणापत्र के मसौदे और सांस्कृतिक सहयोग के अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों
पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा,
संग्रहालय, सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता
निर्माण और ब्रिक्स देशों के बीच लोगों से लोगों का जुड़ाव शामिल हैं।
संस्कृति
कार्य समूह की बैठक के बाद शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक
महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों
द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह कार्यक्रम आम जनता के लिए
खुला रहेगा और भाग लेने वाले देशों की समृद्ध और विविध प्रदर्शन कला
परंपराओं को देखने का अवसर प्रदान करेगा। शाम का समापन संस्कृति मंत्रालय
द्वारा आयोजित रात्रिभोज के साथ होगा।


-1785928421004.webp)












