नई दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे तथा हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा दक्षिण भारत में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण को नई गति देने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, उनमें हैदराबाद–पणजी आर्थिक कॉरिडोर के अंतर्गत गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 का चार लेन विस्तार शामिल है। इस परियोजना के पूरा होने से तेलंगाना और पड़ोसी राज्यों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा व्यापार और परिवहन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा संगारेड्डी जिले में विकसित किए जा रहे ज़हीराबाद औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे। लगभग 3,245 एकड़ क्षेत्र में फैली इस परियोजना पर 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार, इस औद्योगिक क्षेत्र से लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की संभावना है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का भी शिलान्यास करेंगे, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से जाना जाता है। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना देश का पहला पूर्ण रूप से कार्यशील पीएम मित्रा पार्क होगी। सरकार का मानना है कि इससे वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और तेलंगाना देश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभर सकेगा।

रेल अवसंरचना के क्षेत्र में प्रधानमंत्री काज़ीपेट–विजयवाड़ा रेल मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना और काज़ीपेट रेल बाईपास परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं से रेल यातायात की क्षमता में वृद्धि होगी और दक्षिण भारत में माल एवं यात्री परिवहन अधिक सुगम बन सकेगा।

ऊर्जा क्षेत्र में इंडियन ऑयल के मलकापुर ग्रीनफील्ड टर्मिनल का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही प्रधानमंत्री अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सिंधु अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तेलंगाना के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचेंगे। यहां वे आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित संगठन की 45वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नव निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे और संगठन की ओर से मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति संरक्षण तथा सामाजिक परिवर्तन पर केंद्रित राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों का शुभारंभ भी करेंगे।-