रामलीला आयोजकों को राहत, आयोजन स्थलों पर मिलेंगी आवश्यक सुविधाएं
मुंबई, महाराष्ट्र सरकार ने रामलीला आयोजकों को राहत दी है। मुंबई शहर और उपनगरों के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले रामलीला मंचन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने पहल की है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने रामलीला आयोजकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
रामलीला आयोजकों को होने वाली असुविधाओं और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर बुधवार को मुंबई बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के साथ बैठक हुई। नवरात्रि से दशहरे तक मुंबई के विभिन्न मैदानों में रामलीला के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उचित व्यवस्था आवश्यक है। बैठक में साहित्य कला मंच के पदाधिकारियों ने रामलीला के आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी दी। इससे पहले भी मंत्री लोढ़ा ने रामलीला आयोजकों की समस्याओं को लेकर बैठक की थी।
रामलीला आयोजकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए बीएमसी आयुक्त ने रामलीला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालयों की व्यवस्था और मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया है।















