राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने एशियन खेल के विजेताओं को दी बधाई
रांची (RANCHI): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शनिवार को एशियन खेल में महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली कुमकुम अनिल मोहोद और व्यक्तिगत गोल्फ़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रणवी उर्स को शुभकामनाएं दीं।
स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "एशियन खेल में तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचने पर कुमकुम अनिल मोहोद को बहुत-बहुत बधाई। इन खेल में आपका प्रदर्शन शानदार रहा और आपने सामूहिक प्रतियोगिता में भी दो और पदक जीते। स्वर्ण पदक जीतने वाले आपके शानदार प्रदर्शन के बाद एशियन खेल के वेन्यू पर हमारा राष्ट्रगान गूंज उठा। एशियन खेल के इस संस्करण में भारत की महिला तीरंदाजों की शानदार सफलता में आपने अहम योगदान दिया है। आपका प्रदर्शन और उपलब्धियां अनगिनत युवाओं, खासकर हमारी युवतियों और महिलाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगी। उम्मीद है कि आप अपनी खास सटीकता के साथ आगे भी ऐसे ही सफलता हासिल करती रहेंगी।"
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस जीत के साथ, कुमकुम तीरंदाजी में एशियाई खेलों का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बन गई हैं। उनके शानदार सफर में महिलाओं के रिकर्व टीम इवेंट का स्वर्ण पदक भी शामिल है, जिससे इन खेलों में यह उनका दूसरा स्वर्ण पदक है। उनके स्वर्ण पदक से भारत के लिए एलए 2028 ओलंपिक कोटा भी पक्का हो गया है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय तीरंदाजी के लिए एक ऐतिहासिक जीत! कुमकुम ने एशियन खेल में भारत की पहली व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्ण पदक विजेता बनकर इतिहास रच दिया है। दबाव के बीच उनका संयम और सटीकता वाकई तारीफ के काबिल है। उनका यह ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भारतीय गोल्फ के लिए एक नया मील का पत्थर है और यह कई युवा खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। वहीं, भारतीय गोल्फ के लिए भी एक यादगार दिन रहा। प्रणवी उर्स का ऐतिहासिक व्यक्तिगत स्वर्ण पदक और टीम का रजत पदक, भारतीय गोल्फ के लिए एक अहम पल है और यह खेल के बढ़ते कद को दर्शाता है। भविष्य में और भी बड़ी सफलता के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।
सुनहरे तीर ने निशाने पर सटीक वार किया! - नितिन गडकरी
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एक सुनहरे तीर ने निशाने पर सटीक वार किया! कुमकुम की शानदार जीत उन्हें यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनाती है। कुमकुम और भारतीय तीरंदाजी के लिए यह एक यादगार पल है।
तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद ने एशियाई खेलों में रचा इतिहास
बता दें कि भारत की 17 वर्षीय तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया। कुमकुम ने शनिवार को महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के स्वर्ण पदक मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को शूट-ऑफ में 6-5 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही वह एशियाई खेलों में रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। उनकी इस जीत से भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए एक व्यक्तिगत कोटा स्थान भी मिला।















