‘इस हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया’: मोदी ने कैप्टन स्मित के साहस को सराहा
रांची (RANCHI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कैप्टन स्मित मछार के साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उनके पराक्रम ने हर देशवासी को गौरव से भर दिया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि ‘‘इस हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया।’’
क्या है मामला
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट द्वारा कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के दौरान कैप्टन स्मित मछार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद हमलावर को काबू किया जा सका। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया।
हर देशवासी को स्मित का ये पराक्रम गौरव से भर देता है: मोदी
मोदी ने कहा कि ‘‘हर देशवासी को स्मित का ये पराक्रम गौरव से भर देता है।’’ उन्होंने बताया कि उन्होंने स्मित के पिता भूपेंद्र भाई, माता गीता बहन और पत्नी सोनल से भी बातचीत की है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कैप्टन स्मित के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने और ‘‘भारत का गौरव बढ़ाने वाले भाई स्मित’’ का अभिनंदन करने की अपील की।















