विदिशा,  मध्य प्रदेश के विदिशा रेलवे स्टेशन से आज बुधवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन से जिले के 196 बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन के लिए रवाना किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन तीर्थ दर्शन उपरांत दो जून को वापस विदिशा लौटेगी।

विदिशा एसडीएम क्षितिज शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत द्वारका सोमनाथ तीर्थदर्शन के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों के लिए विदिशा रेल्वे स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को विभिन्न प्रकार के दायित्व रेल्वे स्टेशन परिसर अंतर्गत सौंपे गए है। 


प्रमुख रूप से विदिशा रेल्वे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों को आरक्षित रेल टिकिटो का वितरण करने के लिए तहसीलदार प्रीति पंथी एवं राजस्व निरीक्षक सीपी शर्मा के द्वारा प्लेटफार्म एक पर बनाए गए काउंटर एक से नगरीय व ग्रामीण तहसील विदिशा के तीर्थयात्रियों को तथा काउंटर दो से ग्यारसपुर के तीर्थयात्रियों को जबकि काउंटर नम्बर तीन से गुलाबगंज तहसील के तीर्थयात्रियों को रेल यात्रा टिकिटो का वितरण किया जाएगा।




नायब तहसीलदार शुभम बघेल एवं राजस्व निरीक्षक प्रहलाद मीना प्लेटफार्म नम्बर एक पर ही बनाए गए टिकिट वितरण काउंटर नम्बर चार से बासौदा के तीर्थयात्रियो को, काउंटर नम्बर पांच से त्योंदा तहसील के तथा काउंटर नम्बर छह से कुरवाई तहसील के तीर्थयात्रियों को टिकिटो का वितरण कार्य किया जाएगा।

नायब तहसीलदार निधि लोधी, राजस्व निरीक्षक सुधीर जैन के द्वारा प्लेटफार्म नम्बर एक पर ही टिकिट वितरण कांउटर नम्बर सात से पठारी तहसील के, काउंटर नम्बर आठ से सिरोंज तहसील के तथा काउंटर नम्बर नौ से लटेरी तहसील के तीर्थयात्रियों को टिकिटो का वितरण किया जाएगा।

नायब तहसीलदार बलीराम साहू, प्रभारी राजस्व निरीक्षक रामगोपाल परिहार के द्वारा प्लेटफार्म क्रमांक एक पर ही टिकिट वितरण काउंटर नम्बर दस से शमशाबाद के तथा काउंटर नम्बर 11 से नटेरन तहसील के तीर्थयात्रियों को रेल्वे टिकिट वितरण का कार्य किया जाएगा। उपरोक्त अधिकारियों के साथ-साथ हरेक काउंटर के लिए तीन-तीन सहयोग कर्मचारी भी तैनात किए गए है। जिन अधिकारी, कर्मचारियों को रेल्वे टिकिट के वितरण हेतु दायित्व सौंपे गए है, उन सबको निर्देशित किया गया है कि प्रातः 11 बजे से आवंटित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।