ईरान के परमाणु ठिकानों, इजराइल के कई शहरों पर हवाई हमला
तेहरान/तेल अवीव, इजराइल के शनिवार सुबह ईरान के नागरिक और परमाणु ठिकानों पर हमले पर ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान ने कहा कि इजराइल आग से खेल रहा है। उसे इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी होगी। इसके बाद ईरान ने इजराइल के आसमान पर मिसाइलों की बौछार कर दी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
अल जजीरा और द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य इजराइल पर ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। देश के मध्य भाग में छह अलग-अलग जगहों पर इनके टुकड़े गिरे। इससे इमारतों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण में मिसाइल को रोकने की प्रक्रिया के दौरान गिरे मलबे से दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-इजराइल ने ईरान के कई महत्वपूर्ण परमाणु ठिकानों पर जोरदार हमले किए गए हैं। इन हमलों ने मध्य पूर्व में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। ईरान के सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, यज्द प्रांत के अरदकान में स्थित येलोकेक संयंत्र और अराक में स्थित शाहिद खोंदाब हैवी वॉटर कॉम्प्लेक्स पर हमले हुए हैं।
इस बीच ईरान के सशस्त्र बलों ने अमेरिका के छह सामरिक जहाजों को निशाना बनाया है। दावा किया गया है कि इस हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। ईरान ने इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों और कद्र 380 क्रूज मिसाइलों का उपयोग किया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के जनसंपर्क कार्यालय ने शुक्रवार देररात जारी बयान में यह जानकारी दी।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से संबद्ध अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार, ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत ईरानी बलों का 84वां हमला है। आईआरजीसी की नौसेना ने अल-शुवैख बंदरगाह और दुबई के समुद्र तटों और बंदरगाह पर अमेरिकी-इजराइली सेना के खिलाफ सटीक हमले किए। हमले में अमेरिकी सैनिक मारे गए। उनके सामरिक उपकरण नष्ट हो गए।
आईआरजीसी के बयान के अनुसार, इस हमले को बैलिस्टिक मिसाइलों और कद्र 380 क्रूज मिसाइलों का उपयोग किया गया। अल-शुवैख बंदरगाह पर अमेरिका के छह लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी (एलसीयू) जहाजों को निशाना बनाया गया। इन लड़ाकू जहाजों में से तीन हमले के बाद डूब गए और बाकी जल रहे हैं। इसके साथ ही, समुद्र तट और दुबई के एक होटल में मौजूद अमेरिकी ड्रोन यूनिट के सैनिकों को ड्रोन से निशाना बनाया गया।















