रांची (RANCHI): विद्युत वाहन (ईवी) बिक्री के मामले में नेपाल ने दुनिया में दूसरा स्थान हासिल किया है. वर्ष 2025 में वैश्विक स्तर पर बिके ईवी कारों में नेपाल सबसे अधिक बिक्री करने वाले देशों में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि पहले स्थान पर यूरोप का नॉर्वे रहा. नॉर्वे ने 2025 में नई गाड़ियों की कुल बिक्री में 97 प्रतिशत ईवी बेचकर दुनिया में पहला स्थान प्राप्त किया था.


नेपाल में नई कारों की कुल बिक्री में 73 प्रतिशत हिस्सेदारी ईवी

नेपाल वैश्विक स्तर पर दूसरे पायदान पर है. अनुमान के अनुसार 2025 में नेपाल में नई कारों की कुल बिक्री में 73 प्रतिशत हिस्सेदारी ईवी की रही, जबकि 2019 में यह आंकड़ा केवल 8 प्रतिशत था. वहीं 2019 और 2025 के बीच ईवी बिक्री के हिस्से की तुलना करें तो नेपाल में 2019 की तुलना में 2025 में ईवी कारों की बिक्री में तेज़ उछाल देखा गया है.

ईवी बिक्री में 61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज 

अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी और एम्बर के आंकड़ों के अनुसार, ईवी में बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन और प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन- दोनों शामिल हैं. नेपाल ने 2019 की तुलना में ईवी बिक्री में 61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. इसी अवधि में फिनलैंड और डेनमार्क—दोनों ने 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हासिल की.

यूरोप के अन्य बाजारों में भी ईवी की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि आई

संयुक्त राज्य अमेरिका में 2025 में ईवी की बिक्री हिस्सेदारी 10 प्रतिशत रही, जो लगभग 16 लाख यूनिट के बराबर है. यूरोप के अन्य बाजारों में भी ईवी की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है. बेल्जियम में 43 प्रतिशत, नीदरलैंड्स में 56 प्रतिशत, पुर्तगाल में 37 प्रतिशत और यूनाइटेड किंगडम में 33 प्रतिशत ईवी बिक्री दर्ज की गई है- जो 2019 की तुलना में अन्य देशों के साथ मिलकर उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है.