होली पर टाटानगर से जुड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी
रांची (RANCHI): होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर सहित विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली टीओडी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों का संचालन पूर्व निर्धारित समय, ठहराव और रेक संरचना के अनुसार ही किया जाएगा. इससे टाटानगर और आसपास के यात्रियों को त्योहार में घर आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी.
छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की ओर जाने वाले यात्रियों को होगी सुविधा
टाटानगर के यात्रियों के लिए सबसे अहम ट्रेन 08185/08186 हटिया–दुर्ग–हटिया स्पेशल है, जिसकी सेवा 03 मार्च से 31 मार्च 2026 (वापसी 01 अप्रैल 2026 तक) के बीच 9 अतिरिक्त ट्रिप के साथ जारी रहेगी. यह ट्रेन टाटानगर होकर गुजरती है और छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है. इसके अलावा 08007/08008 शालीमार–विजयनगरम–शालीमार स्पेशल और 08011/08012 विजयनगरम–पुरी–विजयनगरम स्पेशल की अवधि भी मार्च अंत तक बढ़ा दी गई है. पुरी रूट पर चलने वाली 02839/02840 शालीमार–पुरी–शालीमार स्पेशल को भी 01 मार्च से 30 मार्च 2026 तक 5 अतिरिक्त फेरे के लिए विस्तारित किया गया है, जिससे ओडिशा जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी.
संतरागाछी–दीघा–संतरागाछी स्पेशल ट्रेनों का भी विस्तार
समुद्री पर्यटन स्थल दीघा जाने वाले यात्रियों के लिए 02847/02848 और 02897/02898 संतरागाछी–दीघा–संतरागाछी स्पेशल ट्रेनों का भी विस्तार किया गया है. वहीं 02863/02864 संतरागाछी–यशवंतपुर–संतरागाछी स्पेशल और 02841/02842 शालीमार–चेन्नई सेंट्रल–शालीमार स्पेशल की सेवाएं भी मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी रहेंगी. इसके साथ ही 08611/08612 संतरागाछी–अजमेर–संतरागाछी स्पेशल को भी 5 अतिरिक्त ट्रिप के साथ बढ़ाया गया है.
वेटिंग लिस्ट कम होने की संभावना
रेलवे अधिकारियों की ओर से शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार होली के दौरान झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है. टाटानगर जंक्शन दक्षिण पूर्व रेलवे का प्रमुख स्टेशन होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में यात्री इन स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाते हैं. ट्रेनों की अवधि बढ़ने से वेटिंग लिस्ट कम होने और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी.
टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी राहत
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारिणी की पुष्टि कर लें और अधिकृत माध्यमों से ही टिकट आरक्षित कराएं। होली के अवसर पर यह विस्तार टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.














