रांची (RANCHI): पाकिस्तान की संघीय सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की कीमत बढ़ा दी है. नई दर सोमवार सुबह से प्रभावी हो गई. सरकार की पेट्रोलियम शाखा की विज्ञप्ति के अनुसार, पेट्रोल में पांच रुपये और हाई स्पीड डीजल में 7.32 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.


दो हफ्ते तक प्रभावी रहेंगी नई दरें 

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पेट्रोलियम शाखा ने कहा कि यह दरें दो हफ्ते तक प्रभावी रहेंगी. सरकार इसके बाद समीक्षा कर नई दर जारी कर सकती है. इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की नई कीमत Rs253.17 प्रति लीटर से बढ़कर 258.17 रुपये प्रति लीटर और डीजल का दाम 268.38 से बढ़कर 275.70 प्रति लीटर हो गया. इससे 15 दिन पहले सरकार ने हाई स्पीड डीजल की कीमत 11.30 प्रति लीटर बढ़ाई थी पर पेट्रोल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया था.

मध्यम वर्ग के घरों के बजट पर पड़ा असर 

देश में पेट्रोल का इस्तेमाल अधिकतर छोटी गाड़ियों, रिक्शा और टू-व्हीलर से आने-जाने वाले लोग करते हैं. ईंधन की ज्यादा कीमतें मध्यम और अति मध्यम वर्ग के घरों के बजट पर काफी असर डालती हैं. परिवहन क्षेत्र का बड़ा हिस्सा हाई स्पीड डीजल पर निर्भर है. इसका इस्तेमाल ज्यादातर भारी सामान ढोने वाली गाड़ियों, ट्रकों, बसों, ट्रेनों और खेती की मशीनों जैसे ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और थ्रेशर में होता है. हाई स्पीड डीजल की कीमत बढ़ने से सब्जियों और खाने की दूसरी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी हो जाती है.