नेपाल के कई प्रांतों में भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
काठमांडू, नेपाल के जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई
प्रांतों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि
लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन जैसी आपदाओं का जोखिम बढ़ गया
है।
जल एवं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पूरे देश में बादल छाए
हुए हैं। बागमती और गंडकी प्रांत के कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो रही है।
कोशी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के कुछ इलाकों में भी बारिश दर्ज की
गई है। लुम्बिनी प्रांत के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही
है।
आज भी कोशी, बागमती और गंडकी प्रांत के हिमालयी क्षेत्रों के
कई स्थानों पर मध्यम वर्षा और हिमपात होने की संभावना है। वहीं, लुम्बिनी,
कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भी
मध्यम वर्षा और हिमपात हो सकता है।
कोशी, बागमती, गंडकी और
लुम्बिनी प्रांत के पहाड़ी तथा तराई क्षेत्रों के अनेक स्थानों पर गरज के
साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मधेश प्रांत के भी कई हिस्सों में इसी
तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है। कर्णाली प्रांत के पहाड़ी क्षेत्रों
तथा सुदूरपश्चिम प्रांत के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर
गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।
विभाग ने विशेष रूप
से चेतावनी दी है कि बागमती और गंडकी प्रांत के हिमालयी, पहाड़ी और तराई
क्षेत्रों, कोशी प्रांत के हिमालयी एवं पहाड़ी क्षेत्रों तथा मधेश और
लुम्बिनी प्रांत के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर भारी से
अत्यधिक वर्षा होने की अधिक संभावना है। रात को कोशी, बागमती, गंडकी और
लुम्बिनी प्रांत के पहाड़ी एवं तराई क्षेत्रों तथा मधेश प्रांत के कई
स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
कर्णाली के पहाड़ी क्षेत्रों और सुदूरपश्चिम प्रांत के पहाड़ी एवं तराई
क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भी मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।
विभाग ने नागरिकों से इस दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।


-1785928421004.webp)












