दुबई एयरपोर्ट के पास ईरानी ड्रोन हमले में एक भारतीय समेत 4 घायल
गल्फ न्यूज, खलीज टाइम्स एवं अन्य मीडिया
रिपाेर्ट के अनुसार दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बुधवार सुबह दो ड्रोन
गिरने की घटना सामने आई है, जिसमें चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों में एक भारतीय, एक बांग्लादेशी और दो घाना के नागरिक हैं। सभी को
हल्की चोटें आईं और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई।
एयरपोर्ट
का संचालन करने वाली कंपनी दुबई एयरपोर्ट्स ने घटना की पुष्टि करते हुए
बताया कि इसके बावजूद वायु परिवहन सेवा सामान्य रूप से जारी है। कुछ दिनाें
से बंद उड़ानों के बाद 7 मार्च से विमानों का संचालन आंशिक रूप से फिर
शुरू कर दिया गया था। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे
एयरपोर्ट तभी आएं जब एयरलाइन उनकी फ्लाइट कन्फर्म होने की जानकारी दे दे,
क्योंकि शेड्यूल में बदलाव हो सकता है।
इससे पहले एक मार्च को भी
एयरपोर्ट के एक कॉन्कोर्स में छोटी घटना हुई थी, जिसमें हल्का नुकसान हुआ
था। इमरजेंसी टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया
था और चार स्टाफ को हल्की चोट के बाद मेडिकल सहायता दी गई थी।
उल्लेखनीय
है कि दुबई एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक है। पिछले
साल यहां 9.52 करोड़ लोगों ने यात्रा की, जो एयरपोर्ट के इतिहास का सबसे
व्यस्त साल रहा। 















