आसनसाेल की कोयला खदान में एयर ब्लास्ट, एक श्रमिक की मौत, 40 घायल

कोलकाता,  ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ईसीएल) की कुनुस्तोरिया एरिया अंतर्गत पराशिया कोलियरी में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्रथम शिफ्ट के दौरान खदान के अंदर काम कर रहे 40 से ज्यादा मजदूर अचानक हुए एयर ब्लास्ट की चपेट में आ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। 


इस हादसे में देवाइ माझी नाम के मजदूर की मौत हो गई है। वहीं 10 गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज द मिशन अस्पताल में चल रहा है। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को निकालकर रानीगंज के बांसड़ा एरिया अस्पताल सहित ईसीएल के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एटक (अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस) नेता अमर सिंह ने बताया कि 10 लोगों का इलाज आसनसोल मिशन अस्पतालमें चल रहा है। एक व्यक्ति की मौत हुई है। अन्य कुछ लोगों का इलाज एरिया ऑफिस अस्पताल में हो रहा है।

जानकारी के अनुसार खदान के 27 नंबर विभाग में करीब 40 मजदूर कोयला काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की एक परत से तेज एयर ब्लास्ट हुआ, जिससे अंदर हवा का दबाव तेजी से बढ़ गया और वहां मौजूद मजदूर इधर-उधर छिटक गए। इस घटना में सभी मजदूर किसी न किसी रूप में घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी पाकर जामुड़िया थाना पुलिस, सीआईएसएफ और ईसीएल के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इस हादसे को लेकर मजदूर संगठनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि खदान प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है तथा लापता मजदूरों की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।