विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर आईआईटी खड़गपुर ने छात्र कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
खड़गपुर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के सेतु परामर्श केंद्र (सेतु काउंसलिंग सेंटर) की ओर से विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं छात्र कल्याण गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन पहलों के माध्यम से संस्थान ने संवेदनशील, समावेशी और सहयोगात्मक परिसर के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
संस्थान के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य तथा समग्र कल्याण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अरुण चक्रवर्ती ने मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने ऐसे परिसर के निर्माण पर बल दिया, जहां प्रत्येक विद्यार्थी स्वयं को सुना, समझा और सहयोग प्राप्त करता हुआ महसूस करे। कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से गुब्बारे भी छोड़े गए।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई 11 लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को केवल बीमारी या निदान तक सीमित न रखते हुए व्यापक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया। सेतु परामर्श केंद्र ने परामर्श, जनसंपर्क और प्रशिक्षण से संबंधित पिछले तीन वर्षों की तुलनात्मक प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर एक विशेष पहल के तहत सेतु की ओर से 16 हजार 500 विद्यार्थियों तक व्यक्तिगत कल्याण संदेश कार्ड पहुंचाए गए। जी-सेक वेलफेयर टीम ने संस्थान के सुरक्षा अनुभाग के सहयोग से पूरी रात प्रयास कर परिसर में इन कार्डों के वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इन सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आईआईटी खड़गपुर ने संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि पूरे संस्थान की साझा जिम्मेदारी है। संस्थान ने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक व्यक्ति महत्वपूर्ण है और हर विद्यार्थी का कल्याण उसकी प्राथमिकता है।















