आईएसएफ ने 23 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किया, कैनिंग पूर्व से अराबुल इस्लाम और भांगड़ से नौशाद सिद्दीकी मैदान में
कोलकाता, ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी ने सोमवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
घोषित सूची के अनुसार हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आईएसएफ में शामिल हुए अराबुल इस्लाम को कैनिंग पूर्व सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं मौजूदा विधायक नौशाद सिद्दीकी एक बार फिर भांगड़ सीट से चुनाव लड़ेंगे।
बताया जा रहा है कि आईएसएफ ने वाम दलों के साथ गठबंधन किया है, लेकिन इन 23 सीटों में से कुछ सीटों पर अभी भी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद गठबंधन के भीतर असंतोष की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि वाम दल भी कुछ सीटों पर पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं।
अराबुल इस्लाम को टिकट दिए जाने पर उठे सवालों का जवाब देते हुए नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि जो लोग अतीत की गलतियों से सीखकर मुख्यधारा में आना चाहते हैं, उन्हें मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के भटके हुए लोगों को सही दिशा में लाने की जरूरत है ताकि हिंसा और आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सर्वेक्षण किया है और ऐसे लोगों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है जिनकी छवि साफ है या जो सुधार की राह पर चलना चाहते हैं। उनका दावा है कि आईएसएफ वैकल्पिक राजनीति का मॉडल पेश करेगी।
इसके अलावा सुजापुर से मोहम्मद करीमुल्लाह हक, पलाशीपाड़ा से सामसुर अली मलिक, चापड़ा से जाकिर मंडल, बादूरिया से मौलाना मोहम्मद कुतुबुद्दीन फातेही, अशोकनगर से तापस बंद्योपाध्याय, आमडांगा से विश्वजीत माइती, मध्यग्राम से प्रियंका बर्मन, देगंगा से मोफिदुल हक साहाजी, हरुआ से पियारुल इस्लाम, बसीरहाट उत्तर से मोहम्मद मुसा करीमुल्लाह, कुलपी से अब्दुल मालेक मोल्ला, कैनिंग पश्चिम से प्रविर मंडल, मगरहाट पश्चिम से अब्दुल अजीज अल हसन, हरिपाल से शेख मुजफ्फर अली, खानाकुल से शेख सद्दाम हुसैन, पांशकुड़ा पश्चिम से अफजल अली शाह, नंदीग्राम से मौलाना मोहम्मद शबे मिराज खान, शालबनी से पीयूष हांसदा, बाराबनी से विश्वजीत बाउरी, बोलपुर से बापी सोरेन और मुरारई से हजरत अली को उम्मीदवार बनाया गया है।
कुछ सीटों जैसे पांशकुड़ा पश्चिम, नंदीग्राम और मुरारई में वाम दलों के उम्मीदवारों के साथ तालमेल को लेकर अभी बातचीत जारी है। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में इस पर अंतिम फैसला हो जाएगा।
आईएसएफ ने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी प्रमुख नौशाद सिद्दीकी सभी उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।















