खड़गपुर में 41 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों का सम्मान
खड़गपुर, दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल की ओर से शुक्रवार
को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ग्रहण करने वाले 41 रेल कर्मचारियों के सम्मान
में समारोह आयोजित किया गया।
समारोह मंडलीय रेलवे अस्पताल (डीआरएच),
खड़गपुर के सीएमएस सभागार में आयोजित हुआ। इसमें वरिष्ठ रेल अधिकारी,
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन तथा उनके सहकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम
में भारतीय रेल के प्रति सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अमूल्य योगदान को
सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल
प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन
भुगतान आदेश (पीपीओ), स्मृति-चिह्न तथा सेवा निपटान संबंधी दस्तावेज प्रदान
किए। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों की वर्षों की समर्पित, निष्ठापूर्ण
एवं ईमानदार सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय एवं
संतोषपूर्ण सेवानिवृत्ति जीवन की कामना की।
समारोह में मंडल के सभी
शाखा अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खड़गपुर
मंडल ने अपने कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, परिश्रम तथा भारतीय रेल और
राष्ट्र के प्रति उनकी वर्षों की समर्पित सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त
करते हुए उन्हें सम्मानित किया।















