मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में वज्रपात से पांच लोगों की मौत
कोलकाता, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिले में बुधवार को
वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मृत्यु हो
गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतकों में डेबरा थाना क्षेत्र के राधामोहनपुर गांव की काजल नायक (65) और
मालती पात्र (47), नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ठेंगामारा गांव के तापस
साबड़ा (50), खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के बरगाई गांव की सुमित्रा खामरुई
(50) तथा झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम थाना क्षेत्र के बड़ाखांकड़ी गांव के
चांदराय मुर्मू (19) शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शीयों अनुसार, डेबरा के
राधामोहनपुर गांव में काजल नायक और मालती पात्र धान की बीजतला रोपाई का
कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ। ग्रामीण दोनों को तत्काल
डेबरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें
मृत घोषित कर दिया। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और
उनका उपचार जारी है।
इसी दिन नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ठेंगामारा
गांव में तापस साबड़ा खेत में कार्य कर रहे थे। वज्रपात की चपेट में आने से
वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें
मकरामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें
मृत घोषित कर दिया।
खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के बरगाई गांव में भी खेत में काम करने के दौरान सुमित्रा खामरुई की वज्रपात से मृत्यु हो गई।
उधर,
झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम थाना क्षेत्र के बड़ाखांकड़ी गांव में चांदराय
मुर्मू खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन पर वज्रपात हुआ। स्थानीय
लोगों ने उन्हें नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौसम विज्ञान विभाग ने
पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में 30 से 40 किलोमीटर
प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वर्षा और वज्रपात की संभावना पहले ही
व्यक्त की थी।


-1785928421004.webp)












