आरजी कर मेडिकल कॉलेज में भावुक पल, छात्रा ने गीत गाकर विधायक बनी मां का किया स्वागत
कोलकाता, आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में रविवार को भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब एक छात्रा ने गीत के माध्यम से उस मां का स्वागत किया, जिसकी बेटी की दर्दनाक मौत ने कभी पूरे राज्य को झकझोर दिया था। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से विधायक निर्वाचित हुईं इस मां के कॉलेज पहुंचते ही छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के बीच गहरी संवेदना का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद पार्टी सहयोगी सोनिया जोसफ ने बताया कि कॉलेज परिसर में एक छात्रा ने गीत प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। गीत की पंक्तियों में संघर्ष, साहस और न्याय की मांग को प्रमुखता से उभारा गया। छात्रा ने गाया- “तुम सच हो, तुम आग हो, तुम लड़ाई का चेहरा हो, बंगाल तुम्हारे साथ है, बुराई के काले चेहरे को तोड़ दो। मैदान में उतर कर लड़ाई करो… तुम मां हो, झूठ को मिटा दोगी और बेसहारों को न्याय मिलेगा।”
गीत आगे बढ़ते हुए मां के संघर्ष और शक्ति को समर्पित रहा। गीत की अन्य पंक्तियों में कहा गया- “तुम सत्य हो, तुम संध्या हो, तुम मां दुर्गा हो। असुरों का दमन तुम्हारे हाथों होगा मां। रत्ना मां की आंखों के आंसुओं का जवाब जनता देगी, अभया के साथ हुए अन्याय का बदला अब जनता लेगी।”
इन मार्मिक पंक्तियों को सुनते ही कॉलेज परिसर का माहौल भावुक हो उठा। बेटी की यादों से जुड़े उसी परिसर में मौजूद मां की आंखें नम हो गईं। वहां उपस्थित कई छात्र-छात्राएं और अन्य लोग भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ क्षणों के लिए परिसर में गहरी खामोशी छा गई, जिसके बाद तालियों की गूंज सुनाई दी। कई लोगों ने इस भावुक पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसी कॉलेज में हुई छात्रा की मौत की घटना ने पूरे राज्य में न्याय की मांग को लेकर व्यापक बहस और आंदोलन को जन्म दिया था। रविवार को कॉलेज परिसर में गूंजे इस गीत ने एक बार फिर उस घटना की स्मृतियों को ताजा कर दिया और एक मां के संघर्ष को भावनात्मक रूप से लोगों के सामने प्रस्तुत किया।















