एसआरएफटीआई 11 दिसंबर तक बंद, विद्यार्थियों को छात्रावास खाली करने का निर्देश
कोलकाता, सत्यजीत राय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) का परिसर फिलहाल बंद रहेगा। संस्थान प्रबंधन ने परिसर बंद रखने की अवधि बढ़ाकर 11 दिसंबर तक कर दी है। इस दौरान पढ़ाई सहित संस्थान की सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। गुरुवार को जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों को छात्रावास खाली करने का निर्देश दिया गया है।
संस्थान में बाहरी लोगों और विद्यार्थियों के बीच टकराव के बाद से लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। गत 27 सितंबर को परिसर के अंदर विद्यार्थियों और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों के बीच संघर्ष हुआ था। इसके बाद विद्यार्थियों ने परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार शुरू कर दिया था।
चार अक्टूबर को परिसर के मुख्य द्वार के बाहर एक अन्य हिंदुत्ववादी संगठन के विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति और जटिल हो गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने कुलपति को हटाने की मांग पर प्रशासनिक भवन के सामने धरना शुरू कर दिया। पहले 13 नवंबर तक शिक्षण कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया था। वहीं, छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को 24 घंटे के भीतर परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया था। मेस सेवा भी बंद कर दी गई थी।
निष्कासित विद्यार्थियों पर कुलपति संतोष अजमेरा और अन्य अधिकारियों के साथ मारपीट, कुलपति कार्यालय में तोड़फोड़ तथा परिसर की दीवारों पर आपत्तिजनक चित्र और नारे लिखने के आरोप लगाए गए हैं। इन घटनाओं के बाद विद्यार्थियों और संस्थान प्रबंधन के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया।
दुर्गापूजा के दौरान भी परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की है। वहीं, विद्यार्थियों की मांग है कि कुलपति अपने पद से इस्तीफा दें। दोनों पक्षों के बीच जारी गतिरोध के कारण प्रबंधन को परिसर बंद रखने की अवधि बढ़ानी पड़ी है।
प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि परिसर में स्थिति सामान्य होने के बाद ही संस्थान को दोबारा खोला जाएगा।















