बिहार के रोहतास जिले में कंटेनर से टकराई पर्यटक बस, 10 घायल
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिवसागर थाना क्षेत्र के कुम्भहऊ गेट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाराणसी से गया जा रही पर्यटकों से भरी बस आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 10 पर्यटक घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी पर्यटक तमिलनाडु के निवासी हैं और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनएचएआई की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या अचानक ब्रेक लगने के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।














